राजकीय मध्य विद्यालय रक्सी में जागरूकता अभियान, छात्रों को साइबर अपराध व नशामुक्ति सहित विभिन्न मुद्दों पर दी जानकारी
रामानन्द प्रजापति कि रिपोर्ट
धुरकी थाना क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय, रक्सी में छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सड़क दुर्घटना से बचाव, नशामुक्ति, बाल विवाह, डायल 112, महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध, POCSO Act तथा डायन प्रथा की रोकथाम सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। जागरूकता अभियान का उद्देश्य बच्चों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें अपराध और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना रहा।
विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित व्यक्ति अथवा पुलिस को देने की सलाह दी गई। थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने दिया जागरूकता पर जोर इस अवसर पर थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता प्रयासों की भी चर्चा की गई। थाना प्रभारी का जोर आम लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों को कानून एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने पर रहा है। उन्होंने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने तथा अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय पर पुलिस को देने की अपील की। विद्यालय के छात्र-छात्राओं को डायल 112 की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया, ताकि आपात स्थिति में वे पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें। साथ ही सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने, बाल विवाह एवं डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने भी जागरूकता से संबंधित जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
