फोटो कैप्शन : कांडी थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में उपस्थित अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग।
कांडी (गढ़वा)। दुर्गा पूजा समेत आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को कांडी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी ने किया। बैठक में जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लेकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था, यातायात, अतिक्रमण, नशाखोरी तथा पूजा आयोजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित मानक के अनुरूप कम आवाज में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की ही अनुमति होगी।
बैठक में जगदीश यादव ने कांडी बाजार में बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए सड़क को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की। दिनेश कुमार ने सड़क किनारे संचालित मांस की दुकानों को हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित कराने की मांग रखी। नीरज सिंह ने खुले में मांस की बिक्री तथा अवैध देशी शराब पर रोक लगाने की मांग करते हुए पूजा समितियों से भी त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। मुर्तजा अंसारी ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं अरुण राम, मुखिया ललित बैठा एवं विनोद प्रसाद ने कहा कि कांडी क्षेत्र की पहचान आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण के लिए रही है। इस परंपरा को कायम रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने पूजा पंडालों की नियमित निगरानी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा त्योहार के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की बात सुनने के बाद अंचलाधिकारी ने कहा कि कांडी प्रखंड हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा बिना सत्यापन के किसी सूचना को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने त्योहार के दौरान वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण रखने तथा पूजा समाप्त होने के बाद निर्धारित समय-सीमा में पंडाल हटाने का निर्देश दिया।
थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार के दौरान हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पूजा समितियों को पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी निगरानी करेगी।
उन्होंने पूजा समितियों को पंडालों में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार, पर्याप्त रोशनी तथा आग से बचाव के लिए आवश्यक अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बिजली व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखने की बात कही गई। इसके साथ ही प्रतिमा विसर्जन का कार्य शाम छह बजे तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने सभी पूजा समितियों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की कि त्योहार को शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
