इलाज के अभाव में जिंदगी की जंग लड़ रहा मजदूर का बेटा, मदद की आस में परिवार Kandi

इलाज के अभाव में जिंदगी की जंग लड़ रहा मजदूर का बेटा, मदद की आस में परिवार
कांडी (गढ़वा): गरीबी और लाचारी के बीच एक युवा मजदूर गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ परिवार अब समाज के संवेदनशील लोगों से मदद की गुहार लगा रहा है। कांडी प्रखंड क्षेत्र के अधौरा गांव निवासी भूमिहीन मजदूर मनदीप राम का 30 वर्षीय पुत्र दिनेश राम गंभीर रूप से बीमार है। वह लिवर और किडनी की बीमारी से पीड़ित बताया जा रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार, दिनेश की तबीयत बिगड़ने के बाद उसके पिता उसे इलाज के लिए मझिआंव अस्पताल ले गए, जहां इलाज और दवा में करीब 20 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं। इसके बावजूद उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने की सलाह दी है।
लेकिन परिवार के सामने सबसे बड़ी समस्या इलाज के लिए पैसों की है। मनदीप राम भूमिहीन मजदूर हैं और मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके पास न खेती की जमीन है और न ही ऐसी कोई संपत्ति, जिसे बेचकर बेटे का इलाज कराया जा सके। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि दो वक्त के भोजन का इंतजाम करना भी मुश्किल हो रहा है।
दिनेश राम की बीमारी ने पूरे परिवार को आर्थिक और मानसिक संकट में डाल दिया है। दिनेश स्वयं मजदूरी कर परिवार चलाने में सहयोग करता था। उसके पीछे पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे भी हैं, जिनकी जिम्मेदारी अब परिवार पर और बढ़ गई है। वहीं, गंभीर बीमारी से जूझ रहे बेटे के इलाज की चिंता ने पिता मनदीप राम को भी तोड़कर रख दिया है।
परिवार की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह कच्ची दीवारों से बनी झोपड़ीनुमा घर में किसी तरह जीवन गुजार रहा है। ऐसे में बाहर ले जाकर महंगा इलाज कराना उसके लिए बेहद मुश्किल है।
दिनेश के इलाज के लिए ग्रामीणों ने आपस में चंदा जुटाना शुरू किया है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर सहयोग से कुछ राशि एकत्र हो भी जाए, तो गंभीर बीमारी के इलाज में होने वाले बड़े खर्च के लिए यह पर्याप्त नहीं होगी। ऐसे में ग्रामीणों ने क्षेत्र के समाजसेवियों, व्यवसायियों एवं जनप्रतिनिधियों सहित सक्षम लोगों से आगे बढ़कर आर्थिक सहयोग करने की अपील की है, ताकि समय रहते दिनेश का बेहतर इलाज कराया जा सके और उसके परिवार को सहारा मिल सके।

Latest News

 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच ऑटो जब्त किए Kandi