महाप्रसाद वितरण के साथ पूजा का समापन, घाटों पर तैराकों की तैनाती; बुधवार को होगा प्रतिमा विसर्जन Kandi

फोटो कैप्शन : कांडी प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों में विधि-विधान से हवन-पूर्णाहुति करते श्रद्धालु, मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
दर्जनों गांवों में महाप्रसाद वितरण के साथ पूजा का समापन, घाटों पर तैराकों की तैनाती; बुधवार को होगा प्रतिमा विसर्जन
कांडी (गढ़वा)। मां दुर्गा की आराधना, हवन-पूर्णाहुति और महाप्रसाद वितरण के साथ सोमवार की देर शाम तक कांडी प्रखंड का माहौल भक्तिमय बना रहा। प्रखंड मुख्यालय कांडी सहित पतीला, सरकोनी, कर्मा, अमस्था टोला, बरवाडीह, बलियारी, शिवपुर, सुंडीपुर, गड़कला, लामारी कला, घोड़ादाग, चटनियां, बेलहथ, भीलमा, पतरिया और सड़की समेत दर्जनों गांवों में विधि-विधान से हवन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ।
इधर, दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को खर दिन होने के कारण प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम बुधवार को निर्धारित किया गया है। इसे देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार और कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं। प्रशासन की ओर से विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया है। नदी और जलाशयों में प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तैराकों की व्यवस्था भी की गई है।
प्रशासन का जोर शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित विसर्जन संपन्न कराने पर है। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि उत्सव के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
एसडीएम के दौरे की भी चर्चा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को एसडीएम ने भी कांडी प्रखंड का दौरा किया। हालांकि, उनके दौरे के उद्देश्य और निरीक्षण से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी की पुष्टि नहीं हो सकी है। दुर्गा पूजा के समापन के साथ अब बुधवार को होने वाले प्रतिमा विसर्जन पर श्रद्धालुओं के साथ-साथ प्रशासन की भी विशेष नजर है।

Latest News

महानवमी के पावन अवसर पर जय भवानी संघ में भव्य रासलीला एवं मनमोहक झांकियों का आयोजन Kandi