गरदहा विद्यालय में पुलिस की पाठशाला, थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह ने बच्चों को पढ़ाया सुरक्षा का पाठ
कांडी (गढ़वा): कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत गरदहा विद्यालय में पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराध से बचने, आपात स्थिति में डायल-112 का उपयोग करने तथा गलत संगति से दूर रहने को लेकर जागरूक किया गया। इस दौरान कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह ने बच्चों को समझाते हुए कहा कि सड़क पर यातायात नियमों की अनदेखी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए हमेशा नियमों का पालन करें।
उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी व निजी जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अभिभावक या पुलिस को देने की सलाह दी। साथ ही बच्चों को नशा एवं गलत संगति से दूर रहकर अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं का मुद्दा भी सामने आया।
विद्यालय समिति की ओर से सुरक्षा को लेकर चिंता जताए जाने पर थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने रात्रि गश्ती पार्टी को विद्यालय के आसपास नियमित पेट्रोलिंग करने की बात कही, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। थाना प्रभारी की ओर से बच्चों को सुरक्षा, कानून और साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के साथ विद्यालय की सुरक्षा को लेकर दिखाई गई गंभीरता की विद्यालय समिति एवं स्थानीय लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध की रोकथाम के साथ-साथ बच्चों और शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।
