कांडी में बाइक-कार की जोरदार टक्कर, दंपति गंभीर ममता देवी का पैर टूटा, राकेश सिंह भी गंभीर रूप से घायल; प्राथमिक उपचार के बाद दोनों गढ़वा सदर अस्पताल रेफर
कांडी (गढ़वा)। कांडी थाना क्षेत्र के राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय कांडी के समीप कांडी-भवनाथपुर मुख्य सड़क पर गुरुवार को मोटरसाइकिल और मारुति कार के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान कांडी प्रखंड के डुमरसोता गांव निवासी 35 वर्षीय राकेश सिंह और उनकी पत्नी ममता देवी के रूप में हुई है।
दुर्घटना में ममता देवी का पैर टूट गया, जबकि उनके माथे में गंभीर चोट लगी है। वहीं, राकेश सिंह का भी पैर टूट गया तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद सूचना मिलने पर युवा समाजसेवी शशांक शेखर ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए रेफरल अस्पताल मझिआंव पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया।
कार चालक को वाहन समेत थाने लाया गया
इस संबंध में कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल मारुति कार (नंबर: HR 06 AN 8758) को चालक समेत थाने लाया गया है। कार हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के डागर गांव निवासी विकास कुमार सिंह, पिता महेंद्र प्रसाद सिंह की बताई गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद कार चालक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
