बरवाडीह से बड़गड़ - भंडरिया होते हुए अंबिकापुर तक बिछेगी नई रेलवे लाइन, बलरामपुर बनेगा जंक्शन : बीडी राम।
बड़गड़ से संजय गुप्ता की रिपोर्ट।बड़गड़(गढ़वा) प्रखंड क्षेत्र के लोगों की दशकों पुरानी चिर प्रतिक्षित मांग, बरवाडीह -चिरमिरी रेलवे लाइन निर्माण का सपना अब पुर्ण होने वाला है। इसकी घोषणा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कर दी है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी से पलामू सांसद माननीय बीडी राम के नेतृत्व में चिरमिरी-अंबिकापुर-बरवाडीह रेलवे लाइन निर्माण संघर्ष समिति के सदस्यों ने मुलाकात कर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित अंग्रेज काल से लंबित रेल परियोजना के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
यहां बता दें कि विगत अगस्त माह में भी पलामू सांसद श्री राम द्वारा संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ माननीय रेल मंत्री जी से मुलाकात कर अंबिकापुर-गढ़वा प्रस्तावित रेलवे लाइन के अलाइनमेंट में बड़गड़ एवं भंडरिया को भी सम्मिलित करने का अनुरोध किया था। उस समय माननीय रेल मंत्री जी ने इस मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करने तथा संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ पुनः बैठक कर चर्चा करने का आश्वासन दिया था।
इस संबंध में सांसद द्वारा बताया गया कि संघर्ष समिति की मांग को स्वीकार करते हुए माननीय रेल मंत्री जी ने स्वीकृत नई रेलवे लाइन अंबिकापुर-गढ़वा रोड एवं रामानुजगंज-बरवाडीह रेल कनेक्टिविटी के अतिरिक्त अंबिकापुर से बलरामपुर होते हुए बड़गड़, नौका, भंडरिया, बिंदा एवं तेवाली होते हुए बरवाडीह तक नई रेलवे लाइन के निर्माण की घोषणा की है। बताया गया कि
इस प्रस्तावित रेल मार्ग में बलरामपुर एवं रामानुजगंज में दो महत्वपूर्ण जंक्शन भी बनाए जाएंगे।
यह परियोजना पलामू संसदीय क्षेत्र, विशेषकर बड़गड़, भंडरिया एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक एवं दूरगामी महत्व की है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होगी, आवागमन सुगम होगा तथा शिक्षा, रोजगार, व्यापार, पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर बरवाडीह-चिरमिरी रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति द्वारा माननीय रेल मंत्री जी को पलामू के अमर शहीद नीलांबर-पीतांबर जी की प्रतिमा एवं मांदर भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इधर बरवाडीह से चिरमिरी भाया बड़गड़, भंडरिया, बलरामपुर नई रेल लाइन निर्माण व बलरामपुर को जंक्शन बनाए जाने की घोषणा से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। और लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से पलामू सांसद बीडी राम सहित रेलवे निर्माण संघर्ष समिति एवं एक दूसरे को बधाई देते हुए देखा गया। बड़गड़ क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में पलामू सांसद बीडी राम के अगुवाई में बरवाडीह- चिरमिरी रेल लाइन निर्माण संघर्ष समिति बड़गड़ के अध्यक्ष आनंद सोनी, जयप्रकाश मिंज, विधायक प्रतिनिधि ओम प्रकाश, बरुण सोनी, अर्जुन मिंज, संदीप गुप्ता, अमानत अंसारी, बजरंग गुप्ता आदि ने महती भूमिका निभाई। हालांकि उक्त रेलवे परियोजना के निर्माण से संबंधित विभागीय नोटिफिकेशन अभी जारी नहीं की गई है।
