जोनल कमांडर राजू भुइयां के घर बजा ढोल, चिपकाया इश्तहार Garhwa


जोनल कमांडर राजू भुइयां के घर बजा ढोल, चिपकाया इश्तहार
कोर्ट के आदेश पर लवाही कला पहुंची पुलिस, कहा- समय पर सरेंडर नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती

डंडई से संवाददाता बिंदु कुमार की रिपोर्ट

डंडई लातेहार जिले के छिपादोहर थाना कांड में फरार चल रहे कथित जोनल कमांडर राजू भुइयां उर्फ राजेंद्र भुइयां के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। माननीय न्यायालय, लातेहार के आदेश पर बुधवार  को छिपादोहर थाना के एसआई नवीन कुमार सिन्हा ने डंडई थाना पुलिस के सहयोग से अभियुक्त के पैतृक गांव लवाही कला में ढोल-नगाड़े के साथ मुनादी कराई और उसके घर की दीवार पर न्यायालय से जारी इश्तहार चिपकाया।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस टीम ने गांव में मुनादी कराते हुए अभियुक्त को निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की सूचना दी।

*छिपादोहर थाना कांड में है वांछित*

पुलिस के अनुसार, राजू भुइयां उर्फ राजेंद्र भुइयां, पिता स्व. छोटेलाल भुइयां के खिलाफ छिपादोहर थाना कांड संख्या 11/2026, दिनांक 14 मार्च 2026 दर्ज है। मामले में बीएनएस की धारा 132, 190, 191(2), 191(3), 351(2), 352 एवं 12(1-B), आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-AA) तथा 17 CLA एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद से ही अभियुक्त फरार बताया जा रहा है।
*सरेंडर नहीं किया तो कुर्की-जब्ती की चेतावनी*

न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने अभियुक्त के घर की दीवार पर इश्तहार चिपकाते हुए परिजनों को भी आवश्यक सूचना दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि अभियुक्त निर्धारित समय में न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके विरुद्ध आगे कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लवाही कला समेत आसपास के गांवों में पूरे दिन चर्चा का माहौल रहा। कार्रवाई को फरार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।

Latest News

जोनल कमांडर राजू भुइयां के घर बजा ढोल, चिपकाया इश्तहार Garhwa