दुर्गा पूजा को लेकर गढ़वा नगर परिषद कार्यालय में समीक्षा बैठक संपन्न
शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण में पूजा संपन्न कराने हेतु जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
गढ़वा: आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने हेतु आज नगर परिषद, गढ़वा के सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता माननीयअध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी ने की,जिसमें क्षेत्र के सभी दुर्गा पूजा पंडालों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि "नगर परिषद की पूरी टीम दुर्गा पूजा के दौरान 24x7 अलर्ट मोड पर रहेगी। ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव,नालियों की सफाई और पथ प्रकाश (स्ट्रीट लाइट्स) को सुचारू करने का काम शुरू कर दिया गया है। सभी पूजा पंडालों से अनुरोध है कि वे सिंगल-यूज प्लास्टिक का पूरी तरह बहिष्कार करें और पर्यावरण-अनुकूल सामग्री का उपयोग करें।"
इसके साथ ही अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ़ दौलत सोनी ने कहा कि "दुर्गा पूजा हमारे शहर का सबसे बड़ा सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सव है। हमारी प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी पूजा समितियां स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें और अपने पंडालों के आसपास डस्टबिन अवश्य रखें। नगर परिषद की ओर से लाइट, पेयजल और सफाई की पुख्ता व्यवस्था रहेगी।"बैठक में उपाध्यक्ष अनीता प्रसाद ने कहा कि "पूजा के दौरान शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सर्वोपरि है। सभी समितियां वालंटियर्स तैनात करें और अग्निशमन तथा विद्युत सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन करें। नगर परिषद और पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर ही हम एक भव्य और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित कर सकते हैं।"
बैठक के दौरान मुख्य बातें:-
सभी पूजा पंडालों के पास नियमित सफाई एवं कचरा उठाव की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
विसर्जन मार्ग और घाटों की मरम्मत तथा वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, इस बैठक में उपस्थित नगर परिषद के सिटी मैनेजर के साथ ही पूजा पंडाल के अध्यक्ष एवं सचिव तथा वार्ड पार्षद मौजूद थे ।
