76 बच्चों की पढ़ाई एक शिक्षक के भरोसे, अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना की मांग Kandi

76 बच्चों की पढ़ाई एक शिक्षक के भरोसे, अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना की मांग
कांडी (गढ़वा)। कांडी प्रखंड अंतर्गत पतरिया पंचायत के ग्राम चौखड़ी स्थित नव प्राथमिक विद्यालय चौखड़ी में विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। विद्यालय में वर्तमान में करीब 76 बच्चे अध्ययनरत हैं, जबकि उनके पठन-पाठन की जिम्मेदारी महज एक शिक्षक के कंधों पर है। विद्यालय में पदस्थापित एकमात्र शिक्षक ही प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
इस संबंध में उतरी जिला परिषद सदस्य सुषमा कुमारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, गढ़वा को आवेदन देकर विद्यालय में कम-से-कम एक अतिरिक्त शिक्षक की पदस्थापना की मांग की है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिए आवेदन में उन्होंने कहा है कि एक ही शिक्षक के भरोसे विद्यालय की सभी कक्षाओं का संचालन होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। एक शिक्षक के लिए अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों को पर्याप्त समय देना तथा उनकी शैक्षणिक जरूरतों पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देना चुनौतीपूर्ण है। इसके अलावा प्रधानाध्यापक के प्रशासनिक एवं अन्य विद्यालयी दायित्वों के कारण भी शैक्षणिक कार्य का अतिरिक्त दबाव बना रहता है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं और उनके बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता आवश्यक है। वर्तमान स्थिति में विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए कम-से-कम एक और शिक्षक की पदस्थापना होने से कक्षा संचालन व्यवस्थित होगा तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में काफी सहूलियत मिलेगी।
जिला परिषद सदस्य ने शिक्षा विभाग से बच्चों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मामले पर शीघ्र संज्ञान लेने और नव प्राथमिक विद्यालय चौखड़ी में कम-से-कम एक अतिरिक्त शिक्षक की अतिआवश्यक रूप से पदस्थापना करने का आग्रह किया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग द्वारा विद्यालय की वास्तविक स्थिति को देखते हुए सकारात्मक पहल की जाएगी, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत 76 बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

Latest News

इलाज के अभाव में जिंदगी की जंग लड़ रहा मजदूर का बेटा, मदद की आस में परिवार Kandi