बिजली करंट की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत Kandi

बिजली करंट की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत
फोटो कैप्शन : युवक की मौत के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम।

कांडी (गढ़वा)। थाना क्षेत्र के खरौंधा पंचायत अंतर्गत भुड़वा गांव में गुरुवार की रात बिजली करंट की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक अवनीश कुमार श्रीवास्तव उर्फ अंकुश श्रीवास्तव की मौत हो गई। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। युवक की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है। वहीं, पिता के बाद जवान बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अंकुश श्रीवास्तव मूल रूप से नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के सरहसताल गांव का निवासी था। उसके पिता स्व. गोविंद बिहारी श्रीवास्तव का पहले ही निधन हो चुका था। इसके बाद वह अपनी मां के साथ अपने ननिहाल भुड़वा गांव में रह रहा था। बताया जाता है कि गुरुवार की रात वह शौच के लिए कोयल नदी की ओर गया था। इसी दौरान रास्ते में कीचड़ होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह वहां लगे बिजली मोटर के पास गिर पड़ा। इसी क्रम में वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर कांडी थाना के एसआई रविशंकर मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की छानबीन की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन ली हैं। अंकुश अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसके परिवार में 17 वर्षीय एक बहन और एक छोटा भाई है। पिता के निधन के बाद घर की जिम्मेदारियां काफी हद तक अंकुश के कंधों पर थीं। वह मां और छोटे भाई-बहन का सहारा बना हुआ था। अब उसके असमय चले जाने से परिवार के सामने रोजी-रोटी के साथ बच्चों के भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।
परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद दयनीय बताई जाती है। मां अपने तीन बच्चों के साथ झोपड़ीनुमा घर में किसी तरह जीवन गुजार रही है। परिजनों के अनुसार, परिवार को अब तक सरकारी आवास योजना का लाभ भी नहीं मिल सका है। पति को खोने के बाद जवान बेटे की मौत ने मां को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत की मुखिया परिखा राम, उपमुखिया रवि कुमार मेहता एवं मुन्ना ठाकुर मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Latest News

21 वर्षों की बेदाग सेवा के बाद संतोष कुमार सिंह को भावभीनी विदाई Kandi