कांडी में एक साथ 15 बकरा-बकरी चोरी, वृद्धा ने पुलिस से लगाई गुहार
रात में सोया परिवार, सुबह खुली कोठरी तो उड़ गए होश… 15 बकरा-बकरी गायब!”
गढ़वा/कांडी। कांडी थाना क्षेत्र के झिकनी गांव में एक वृद्ध महिला के घर से एक साथ 12 बकरी और 3 बकरे चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता ने कांडी थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़िता संतोषी देवी (62), पति साधु पाल, ग्राम झिकनी, पोस्ट सेमौरा ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि 30 सितंबर की शाम करीब छह बजे उन्होंने अपनी 12 बकरियों और तीन बकरों को घर की कोठरी में बंद कर टाटी लगा दी थी। रात करीब नौ से दस बजे के बीच परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए।
पीड़िता के अनुसार, 1 अक्टूबर की सुबह करीब चार बजे जब वह बकरा-बकरी देखने के लिए कोठरी खोलने पहुंचीं तो टाटी खुली हुई मिली। अंदर देखा तो सभी 15 बकरा-बकरी गायब थे। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करने के साथ ग्रामीणों से भी पूछताछ की, लेकिन चोरी हुए पशुओं का कोई सुराग नहीं मिल सका।
एक साथ 15 बकरा-बकरी चोरी होने से पीड़ित परिवार चिंतित है। संतोषी देवी ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी हुए पशुओं का पता लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, आवेदन मिलने के बाद कांडी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
