SIR 2026 में एक भी योग्य मतदाता न छूटे, युद्धस्तर पर भरवाएं Form-6
बीडीओ राकेश सहाय की अपील- 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का हर हाल में कराएं पंजीकरण
कांडी (गढ़वा)। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांडी प्रखंड प्रशासन ने पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए अभियान तेज करने की अपील की है। बीडीओ राकेश सहाय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाला कोई भी योग्य मतदाता पंजीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर पात्र युवाओं का Form-6 भरवाएं और उन्हें नए मतदाता के रूप में पंजीकृत कराने में सहयोग करें। बीडीओ ने कहा कि इस बार का SIR सामान्य मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रिया भर नहीं है, बल्कि भविष्य में भी इसका रिकॉर्ड महत्वपूर्ण रहेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आज लोग अपने परिवार के सदस्यों का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में तलाश रहे हैं, उसी प्रकार आने वाले वर्षों में 2026 के SIR के मतदाता रिकॉर्ड में भी लोग अपने और अपने परिवार के सदस्यों का नाम तलाश करेंगे। ऐसे में यह जरूरी है कि वर्तमान में मतदाता बनने की पात्रता रखने वाला कोई भी नागरिक पंजीकरण से छूट न जाए। बीडीओ ने विशेष रूप से कहा कि 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि को आधार मानते हुए जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो रही है, उनका Form-6 अनिवार्य रूप से भरवाया जाए। उन्होंने सभी मुखिया से अपने वार्ड सदस्यों के साथ मिलकर पंचायत स्तर पर सर्वे कराने की अपील की, ताकि यह पता चल सके कि कोई योग्य युवा वोटर आईडी से वंचित तो नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि लोगों को जागरूक करें तथा पात्र युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि SIR 2026 के दौरान एक भी योग्य मतदाता का नाम पंजीकरण से नहीं छूटे। इसके लिए सभी संबंधित लोगों को मिलकर युद्धस्तर पर अभियान चलाते हुए पात्र नागरिकों का Form-6 भरवाने और मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज कराने में सहयोग करना चाहिए।
