सेरासाम गांव में निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन । Ranka

सेरासाम गांव में निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन ।
रंका से प्रमोद कुमार यादव का रिपोर्ट : रंका L&T एवं बदलाव फाउंडेशन के सहयोग से संचालित नयी दिशा Village Development Program के अंतर्गत रंका प्रखंड के खरडीहा पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सेरासाम में निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना,सामान्य बीमारियों की समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना तथा लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर का उद्घाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रंका के BPM रामनारायण कुमार,प्रधानाध्यापक शिव कुमार राम,डॉक्टर नितीश परमार्थी,डॉक्टर उत्कर्ष मिश्रा,फिरोज खान,लवली कुमारी एवं अन्य टीम सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। शिविर के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका के चिकित्सा टीम के सहयोग से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई।
 शिविर में पुरुषों,महिलाओं एवं बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप एवं ब्लड शुगर की जांच,खांसी,सर्दी, बुखार एवं अन्य सामान्य रोगों की जांच तथा चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त नेत्र जांच एवं दंत जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे ग्रामीण समुदाय को समग्र स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। L&T के सहयोग से शिविर में आवश्यक औषधियों,दवा का निःशुल्क वितरण भी किया गया। वहीं,गंभीर अथवा विशेष उपचार की आवश्यकता वाले 3 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका के लिए रेफर किया गया,ताकि उन्हें आवश्यक आगे की चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सके। इस शिविर में कुल 237 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं एवं आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श का लाभ उठाया। इनमें 136 महिलाएं,101 पुरुष तथा 81 बच्चे शामिल रहे। प्रतिभागियों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।शिविर के सफल आयोजन में बदलाव फाउंडेशन की पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका की चिकित्सा टीम के सहयोग से शिविर  सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Latest News

बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव का असर, झारखंड में मूसलाधार बारिश का अलर्ट Kandi