थाना परिसर में बैठक, बाजार की व्यवस्था सुधारने को लेकर थाना प्रभारी ने दिया भरोसा
जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों से थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह ने किया संवाद, जाम-अतिक्रमण और मांस बिक्री समेत कई मुद्दे उठे
कांडी/गढ़वा। कांडी थाना परिसर में रविवार को थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द, पुलिस-पब्लिक समन्वय तथा आम लोगों से जुड़ी स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान मुख्य बाजार में सड़क जाम, अतिक्रमण और मांस बिक्री सहित कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
बैठक में प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष रामलाल दुबे, जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार, सुजीत कुमार सहित कई मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, विधायक प्रतिनिधि अतीस सिंह, कृष्ण राम एवं सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं लोगों से परिचय प्राप्त किया और क्षेत्र की समस्याओं को सीधे समझने के लिए संवाद किया।
बैठक में मुख्य बाजार में लगातार उत्पन्न होने वाली सड़क जाम एवं अतिक्रमण की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों और लोगों ने थाना प्रभारी का ध्यान आकृष्ट कराया। लोगों ने कहा कि बाजार में अव्यवस्थित तरीके से वाहनों के खड़े होने और अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इसके अलावा मांस बिक्री को लेकर भी स्थानीय स्तर पर उठ रही समस्याओं को बैठक में रखा गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने कहा कि बाजार की व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस स्तर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ी तो बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकीदारों की ड्यूटी लगाई जाएगी और नियमित निगरानी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बाजार की व्यवस्था में जल्द सुधार सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा और इसके लिए पुलिस स्तर पर जो भी आवश्यक कदम उठाने होंगे, उठाए जाएंगे।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों से पुलिस को सहयोग करने तथा किसी भी समस्या की जानकारी समय पर देने की अपील की। उन्होंने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ समस्याओं का समाधान करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भी पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का भरोसा दिलाया। लोगों ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच लगातार संवाद रहने से स्थानीय स्तर पर कई समस्याओं का समाधान आसानी से किया जा सकता है।
बैठक के दौरान कांडी बाजार की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, सामाजिक सौहार्द, कानून-व्यवस्था तथा आम लोगों से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ देखा जाएगा तथा पुलिस एवं जनता के बीच संवाद को लगातार मजबूत किया जाएगा।
गौरतलब है कि सितंबर 2026 में ऋषिकेश कुमार सिंह को कांडी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही वे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दे रहे हैं। रविवार की बैठक को भी पुलिस और जनता के बीच सीधे संवाद की इसी पहल से जोड़कर देखा जा रहा है।
