नाग बाबा के पास फिसलन भरी सड़क पर पलटा नमकीन लदा टेंपो
निर्माणाधीन नहर के कारण सड़क पर कीचड़ व फिसलन, हादसे के बाद ग्रामीणों में नाराजगी
कांडी। निर्माणाधीन नहर के समीप बदहाल और फिसलन भरी सड़क गुरुवार को एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। नाग बाबा के पास मिक्सचर नमकीन लदा टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन के साथ उसमें लदे सामान को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार टेंपो मिक्सचर नमकीन लेकर कांडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान नाग बाबा के समीप सड़क पर फैले कीचड़ और अत्यधिक फिसलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो सड़क पर पलट गया। बताया गया कि टेंपो में लदा माल कांडी निवासी किराना व्यवसायी दिनेश साव का था।
स्थानीय लोगों के अनुसार नाग बाबा के समीप उत्तर कोयल जलाशय परियोजना के तहत कांडी डिस्ट्रीब्यूटर नहर का निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश के दौरान निर्माण स्थल के आसपास सड़क पर कीचड़ जमा होने और फिसलन बढ़ने से आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और मालवाहक वाहनों के अलावा स्थानीय लोगों का आवागमन होता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क की स्थिति को लेकर पर्याप्त सावधानी नहीं बरती जा रही है। उनका कहना है कि निर्माण स्थल के आसपास जल निकासी, सुरक्षित आवागमन और फिसलन रोकने के लिए तत्काल आवश्यक व्यवस्था की जानी चाहिए। घटना के बाद ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो बारिश के दौरान इस मार्ग पर दोबारा हादसा होने की आशंका बनी रहेगी। लोगों ने निर्माणाधीन स्थल पर चेतावनी संकेत, सुरक्षित रास्ते और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
