डंडई से संवाददाता बिन्दु कुमार की रिपोर्ट
10 वर्षों की आस्था की परंपरा रहेगी कायम, सप्तमी को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
बालेखाड़ में दुर्गा पूजा समिति की बैठक, रामायण सीरियल से लेकर देवी जागरण तक होंगे धार्मिक कार्यक्रम; सुअरजंघा में भी पूजा समिति का गठन
Maitter- डंडई प्रखंड क्षेत्र के पचौर पंचायत अंतर्गत बालेखाड़ स्थित पुरानी पंचायत भवन परिसर में रविवार को दुर्गा पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव 2026 को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने पूजा को भव्य, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की।
बैठक में बताया गया कि बालेखाड़ क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जा रहा है। इस वर्ष भी वर्षों पुरानी इस धार्मिक परंपरा को कायम रखते हुए पूजा महोत्सव को और भव्य बनाने का निर्णय लिया गया है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रामायण सीरियल का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।
*सप्तमी को निकलेगी भव्य कलश यात्रा*
पूजा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण सप्तमी तिथि को निकलने वाली भव्य कलश यात्रा होगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ कलश यात्रा में शामिल होंगे।
इसके बाद नवमी तिथि को नव कन्या पूजन का आयोजन किया जाएगा। वहीं दशमी तिथि को दिनभर देवी जागरण का कार्यक्रम होगा। देवी जागरण में भक्ति गीतों और धार्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां भगवती की आराधना की जाएगी।
*व्यवस्था को लेकर भी हुआ मंथन*
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा स्थल की व्यवस्था, कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संचालित करने तथा पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से इस वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव को यादगार बनाने का प्रयास किया जाएगा।
समिति सदस्यों के अनुसार दुर्गा पूजा महज धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक भी है। पिछले दस वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष आयोजन को और बेहतर एवं आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है।
*पूजा समिति में ये पदाधिकारी*
पूजा समिति में अध्यक्ष राजेश राम, उपाध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह, सचिव संतोष कुमार सिंह, उपसचिव मुंद्रिका सिंह, कोषाध्यक्ष पंकज सिंह, सह कोषाध्यक्ष पंकेश्वर सिंह, सलाहकार प्रमोद सिंह, महामंत्री शंकर सिंह एवं मीडिया प्रभारी सोमारु सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं समिति के सदस्यों में मुकेश कुमार राम, रामसनेह सिंह, पंकज सिंह, बिंदु कुमार रवि, अमित कुमार रवि, नन्दनीया परसिया, चन्दन कुमार रवि एवं व्याचस्पति सिंह सहित अन्य ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हैं।
*सुअरजंघा में भी गठित हुई पूजा समिति*
इधर डंडई प्रखंड क्षेत्र के सुअरजंघा में भी दुर्गा पूजा को लेकर पूजा समिति का गठन किया गया। यहां सर्वसम्मति से नन्दू प्रजापति को अध्यक्ष, शिवनाथ सिंह को सचिव तथा संजय प्रजापति को कोषाध्यक्ष बनाया गया। समिति के गठन के बाद सदस्यों ने दुर्गा पूजा महोत्सव को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाने तथा आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
पूजा समिति की ओर से पचौर पंचायत सहित आसपास के गांवों के सभी श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा महोत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।
