राजकीय मध्य विद्यालय सड़की में विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव संपन्न
सत्येंद्र प्रसाद गुप्ता निर्विरोध अध्यक्ष, चंचला देवी 14 मत प्राप्त कर बनीं उपाध्यक्ष
कांडी प्रखंड अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय सड़की में बुधवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का चुनाव शांतिपूर्ण एवं निर्धारित नियम-कानून के अनुसार संपन्न हुआ। चुनाव कार्यक्रम की अध्यक्षता पतड़िया पंचायत के पंचायत समिति सदस्य प्रिंस कुमार ठाकुर ने की। वहीं चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए अरुण कुमार सोनी एवं अवधेश कुमार पाल को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था।
पर्यवेक्षकों की देखरेख में विद्यालय प्रबंधन समिति के लिए कुल 15 सदस्यीय समिति का चयन किया गया। चुनाव के दौरान विद्यालय के अभिभावकों एवं संबंधित सदस्यों की उपस्थिति में सभी आवश्यक नियमों और प्रक्रियाओं का पालन किया गया। समिति के सदस्यों के चयन के बाद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की गई।
अध्यक्ष पद के लिए सत्येंद्र प्रसाद गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा गया। उनके विरुद्ध किसी अन्य सदस्य द्वारा नामांकन नहीं किए जाने के कारण उन्हें सर्वसम्मति एवं निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी और विद्यालय के विकास एवं बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए कार्य करने की उम्मीद जताई।
वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए चंचला देवी एवं लीलावती देवी के बीच मुकाबला हुआ। मतदान के दौरान चंचला देवी को कुल 14 मत प्राप्त हुए, जबकि लीलावती देवी के पक्ष में एक भी मत नहीं पड़ा। इस प्रकार चंचला देवी को बहुमत के आधार पर विद्यालय प्रबंधन समिति की उपाध्यक्ष चुना गया।
चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद गुप्ता एवं उपाध्यक्ष चंचला देवी ने विद्यालय के विकास, बच्चों की बेहतर शिक्षा, विद्यालय की व्यवस्था में सुधार तथा अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक बैजनाथ सिंह के अलावा अभिभावक जयप्रकाश बैठा, अनुज पाल, सत्येंद्र कुमार मेहता, संजय मेहता, नंदू प्रसाद गुप्ता, अरुण पासवान, बाबू खान एवं लाल मोहम्मद खान सहित कई अभिभावक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन से विद्यालय के विकास कार्यों में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ने तथा विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग मिलने की उम्मीद जताई गई।
