गढ़वा : जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत कांडी-मंझिआंव मुख्य सड़क पर चोराटी पहाड़ी के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
इस हादसे में एक महिला, एक बुजुर्ग और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना गुरुवार की शाम तकरीबन 3:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, JH 03X 7965 नंबर की बाइक पर सवार एक युवक तेज रफ्तार से कांडी की ओर से जा रहा था। चोराटी पहाड़ी के पास उसने सड़क किनारे मवेशी चरा रहे ओलमा गांव निवासी बुजुर्ग रामबरन चौधरी को जोरदार टक्कर मार दी।
बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, उनके दोनों पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक भागने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान अनियंत्रित होकर उसने सामने से आ रही दूसरी बाइक संख्या BR 17F 2069 में जोरदार टक्कर मार दी। इस बाइक पर चटनियां गांव निवासी रूपेश राम और उसकी मां उतीमा देवी सवार थीं, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना मिलते ही कांडी थाना के एसआई अरुण पासवान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और टेंपो की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडी लाया गया। जहां डॉ. मनीष सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार भी मौके पर पहुंचे। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। वहीं पुलिस ने घायल बाइक सवार JH 03X 7965 के पास से 5,500 रुपये नकद बरामद किया है, जो पुलिस के पास सुरक्षित है।
पुलिस दोनों बाइकों को जब्त कर थाना ले आई है और मामले की जांच में जुटी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कांडी-मंझिआंव मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है और तेज रफ्तार के कारण अक्सर हादसे होते हैं। लोगों ने वाहन चालकों से नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।
