जनता की परेशानी देख पसीजा दिल: मुखिया संघ अध्यक्ष अमित दुबे ने निजी कोष से शुरू कराया सड़कों का कायाकल्प
कांडी (गढ़वा):प्रखंड क्षेत्र के पतीला पंचायत से एक बेहद सराहनीय और मिसाल पेश करने वाली खबर सामने आई है। लगातार हो रही बारिश के कारण पंचायत के विभिन्न गांवों की सड़कें और गलियां कीचड़ में तब्दील हो चुकी थीं, जिससे ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो गया था। जनता की इस भारी परेशानी को देखते हुए पतीला पंचायत के कर्मठ मुखिया सह कांडी प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष अमित दुबे ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़ा और सराहनीय कदम उठाया है। अमित दुबे ने बिना किसी सरकारी फंड या विभागीय प्रक्रिया का इंतजार किए, अपने निजी खर्च (व्यक्तिगत कोष) से पंचायत के विभिन्न गांवों में कीचड़ युक्त सड़कों और गलियों के मरम्मतीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करवा दिया है। मुखिया अमित दुबे के इस प्रयास से पंचायत के बेलहथ, चोका, और पतीला समेत कई अन्य गांवों में कीचड़ से सनी सड़कों पर मिट्टी और मोरम (कंकड़-मिट्टी) डालने का काम तेजी से किया जा रहा है। सड़कों पर मोरम बिछ जाने से अब ग्रामीणों को कीचड़ और जलजमाव से बड़ी राहत मिल रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने मुखिया के इस जनहितैषी कदम की मुक्तकंठ से सराहना की है और कहा कि संकट के समय उनका मुखिया हमेशा उनके साथ खड़ा रहता है। इस संबंध में बातचीत करते हुए मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष अमित दुबे ने कहा, "जनता की सेवा ही मेरा मुख्य संकल्प है। वर्तमान में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण मिट्टी और मोरम कार्य में थोड़ी बाधा जरूर आ रही है, लेकिन इसके बावजूद हम रुकने वाले नहीं हैं। मौसम की चुनौतियों के बाद भी पंचायत की सभी प्रभावित गलियों में मिट्टी-मोरम डलवाकर उनका पूरी तरह से मरम्मतीकरण कर दिया जाएगा, ताकि किसी भी ग्रामीण या राहगीर को आने-जाने में कोई तकलीफ न हो।"
