लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी Kandi

साकेत मिश्रा की रिर्पोट 
गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर पंचायत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
बताया जा रहा है कि शिवपुर पंचायत के वार्ड नंबर 10 में बारिश के कारण सुनीता देवी, पति बीरबल राम का घर अचानक गिर गया।
घर अचानक गिर जाने के बाद घर में रह रहे कुल 12 सदस्यों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बारिश के इस मौसम में ये 12 लोग जाएं तो जाएं कहां?
गौरतलब है कि सुनीता देवी के पति बीरबल राम बाहर प्लांट में मेहनत-मजदूरी का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है।
लेकिन लगातार बारिश के बीच घर गिरने से परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस छत के नीचे परिवार सुरक्षित रहने की उम्मीद कर रहा था, वही आशियाना अब पूरी तरह धराशाई हो चुका है।
घटना की जानकारी मिलते ही शिवपुर मुखिया सोनी देवी के प्रतिनिधि अरुण राम पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही कहा कि परिवार को तत्काल अंबेडकर आवास दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि बारिश के इस मौसम में परिवार को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों से जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते मदद नहीं मिली, तो बारिश के इस मौसम में उनके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।
फिलहाल, इस गरीब परिवार की निगाहें अब प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों की मदद पर टिकी हुई हैं।
बारिश ने गरीब परिवार का आशियाना तो जमींदोज कर दिया, लेकिन अब बड़ा सवाल यही है कि सरकारी मदद कब इस परिवार के सिर पर फिर से छत का सहारा बनेगी?

Latest News

लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी Kandi