झामुमो प्रवक्ता के खिलाफ झूठ फैला रही भाजपा : वीरेंद्र साव
गढ़वा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र साव ने भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा पर झामुमो प्रवक्ता धीरज दुबे के खिलाफ झूठा और भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि झूठ, अफवाह और भ्रम फैलाना भाजपा की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन चुका है।
वीरेंद्र साव ने कहा कि भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि झामुमो प्रवक्ता धीरज दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया है। उन्होंने इस आरोप को पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन बताते हुए कहा कि धीरज दुबे पार्टी के एक जिम्मेदार पदाधिकारी हैं और वे न केवल प्रधानमंत्री, बल्कि किसी भी व्यक्ति की माता के संबंध में अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व जानबूझकर सोशल मीडिया के माध्यम से झूठा नैरेटिव गढ़कर एक जिम्मेदार राजनीतिक कार्यकर्ता की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहा है। यदि भाजपा नेताओं को सच्चाई जाननी है तो उन्हें न्यूज़ 18 भारत पर प्रसारित उस बहस का पूरा वीडियो देखना चाहिए, जिसमें धीरज दुबे द्वारा प्रधानमंत्री की माता के लिए किसी भी प्रकार की अभद्र या आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग नहीं किया गया है।
वीरेंद्र साव ने आरोप लगाया कि जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने और राजनीतिक सहानुभूति प्राप्त करने के उद्देश्य से भाजपा इस प्रकार के भ्रामक आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को परिवार और विशेष रूप से माताओं को राजनीतिक विवादों का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए।
उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे झूठे प्रचार और भ्रामक अभियान से बाज आएं तथा स्वस्थ और तथ्य आधारित राजनीति करें।
जारीकर्ता
वीरेंद्र साव
झामुमो जिला उपाध्यक्ष गढ़वा
