बारिश के कारण मकान की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत Garhwa

बारिश के कारण मकान की दीवार गिरने से आदिम जनजाति के एक व्यक्ति की मौत
धुरकी। थाना क्षेत्र के खाला गांव में बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवार गिरने से दबकर आदिम जनजाति के एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान खाला गांव निवासी 55 वर्षीय रामखेलवान परहिया उर्फ रुपई परहिया के रूप में हुई है। घटना मंगलवार के सुबह की  बताई जा रही है। हादसे में उनकी पत्नी कुमारी देवी को भी चोट आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामखेलवान परहिया अपनी पत्नी के साथ घर के कमरे में बैठे हुए थे। इसी दौरान बारिश के कारण कमजोर हो चुकी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में  दब गए। घटना के बाद परिजनों और आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए धुरकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद रामखेलवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गढ़वा रेफर कर दिया। परिजन उन्हें गढ़वा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी कुमारी देवी को भी चोटें आई हैं और उनका उपचार कराया गया।
बताया जाता है कि मृतक के तीन पुत्र हैं, जो रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्यों में गए हुए हैं। पिता की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
इधर, घटना को लेकर अंचल अधिकारी विमल कुमार सिंह ने दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत जो भी सहायता देय होगी, उसे उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

Latest News

टीम दौलत की त्वरित कार्यशैली से बची मरीज की जान, सहयोगी सुजन प्रमाणिक ने किया B+ रक्तदान Garhwa