ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, गढ़वा में नशामुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को दिलाई गई प्रतिज्ञा
गढ़वा। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, गढ़वा में शनिवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से "10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान–2026" के अंतर्गत जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से देशभर में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर स्वस्थ एवं संस्कारवान जीवन के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से आये ब्राह्मकुमारी प्रिया ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही सशक्त भारत के निर्माण की आधारशिला हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्त भारत के निर्माण हेतु सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
विद्यालय के निदेशक श्री अनूप सोनी ने इस पहल की सराहना करते हुए लोगों को यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक विकास ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों एवं स्वस्थ जीवनशैली का विकास करना भी है। वहीं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. निरकेष शर्मा ने ब्रह्माकुमारी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
