11 हजार वोल्ट हाईटेंशन विद्युत तार के करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत Kandi

कांडी/गढ़वा। कांडी प्रखंड क्षेत्र के बलियारी पंचायत अंतर्गत बरवाडीह गांव में दुर्गा चौक के समीप रविवार की अहले सुबह करीब चार बजे 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन विद्युत तार के करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई।
 घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। पीड़ित पशुपालक संतोष मेहता ने कांडी थाना में आवेदन देकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई एवं मुआवजे की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, ट्रांसफार्मर के आसपास पिछले करीब चार दिनों से जमीन में करंट उतर रहा था। इसकी सूचना बिजली मिस्त्री मनोहर मेहता को भी दी गई थी, लेकिन कथित रूप से समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया। रविवार की सुबह इसी दौरान भैंस करंट की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि संजू देवी भैंस की सीकड़ पकड़े हुए थीं। जैसे ही उन्हें सीकड़ में करंट महसूस हुआ, उन्होंने तत्काल उसे छोड़ दिया। इससे वह भी करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलने के बाद पशु चिकित्सक अमित कुमार एवं कामता प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर मृत भैंस का पोस्टमार्टम किया। वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग के कांडी क्षेत्र के मिस्त्री विनोद एवं अनिल मौके पर पहुंचे और विद्युत व्यवस्था में आई खराबी को दुरुस्त करने में जुट गए।

घटनास्थल पर प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय परमानंद कुमार, मुखिया पुरुषोत्तम कुमार, सुजीत कुमार,प्रभाकर पासवान, कृष्णा पासवान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि चार दिन पहले मिली शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाती तो संभवतः यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने विभाग से पूरे मामले की जांच कराने, विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने तथा पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब ट्रांसफार्मर के आसपास कई दिनों से जमीन में करंट उतरने की सूचना विभाग को दी जा चुकी थी, तो समय रहते विद्युत आपूर्ति बंद कर खराबी को ठीक क्यों नहीं किया गया? अब देखना है कि इस मामले में विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होती है।

Latest News

गढ़वा मंडल कारा में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की औचक छापेमारी Garhwa