रमना थाना दिवस में भूमि विवादों की सुनवाई, 10 से 15 मामलों का हुआ निष्पादन
रमना (गढ़वा)। रमना थाना परिसर में शुक्रवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि संबंधी विवादों के निपटारे के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमना के अंचल अधिकारी विकास कुमार पांडेय एवं थाना प्रभारी आकाश कुमार ने संयुक्त रूप से की।
थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान कर लोगों को न्याय दिलाना तथा छोटे-बड़े विवादों को आपसी सहमति से सुलझाकर न्यायालयों पर बढ़ते मामलों का बोझ कम करना है।
सुनवाई के दौरान अंचल अधिकारी विकास कुमार पांडेय ने दोनों पक्षों के दस्तावेजों की गंभीरता से जांच की और लगभग 10 से 15 भूमि विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि भूमि संबंधी मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निपटारा हो, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी भूमि विवाद को अपने हाथ में लेने के बजाय प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करें। प्रशासन निष्पक्ष जांच कर सभी पक्षों को न्याय दिलाने का प्रयास करेगा।
वहीं थाना प्रभारी आकाश कुमार ने कहा कि भूमि विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल थाना को सूचना दें। कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में पुलिस प्रशासन का सहयोग लेने की अपील की।
रिपोर्ट: शफीक अली, रमना
