गढ़वा : जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडरिया गांव में रविवार को तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला की पहचान समुद्री देवी (50 वर्ष), पति ललन पासवान, निवासी भंडरिया के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना में महिला की एक आंख और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल के पति ललन पासवान ने बताया कि मेरी पत्नी घर के पास खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल संख्या JH03 G 8515 ने धक्का मार दिया, जिससे वह गिरकर बुरी तरह घायल हो गई। वहीं बाइक चालक के दादा भोला मेहता, निवासी बीचला टोला, मोहम्मदगंज, पलामू ने बताया कि उनका नाती पीयूष मेहता नारायणपुर गांव स्थित रिश्तेदार के घर से मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और उसकी चपेट में घर के पास खड़ी समुद्री देवी आ गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
