उत्क्रमित मध्य विद्यालय खुटहेरिया बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। Kandi

कांडी, गढ़वा : शिक्षा के अधिकार और स्वच्छ भारत मिशन के दावों के बीच प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय खुटहेरिया बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है।
 यहां शौचालय अनुपयोगी पड़ा है, जिसके कारण छात्र-छात्राओं को शौच के लिए विद्यालय परिसर से बाहर जाना पड़ रहा है। शनिवार को वार्ड सदस्य गीतांजलि देवी के प्रतिनिधि अशोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे अभिभावकों और ग्रामीणों ने विद्यालय की बदहाली पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शौचालय नहीं होने के कारण बच्चे पढ़ाई के दौरान बार-बार बाहर निकल जाते हैं। इससे न सिर्फ पढ़ाई बाधित हो रही है, बल्कि छात्राओं की सुरक्षा भी खतरे में है। साथ ही ग्रामीणों ने मध्यान भोजन को लेकर आरोप लगाया। कहा कि मेन्यू के अनुसार बच्चों को मध्यान भोजन नहीं दिया जा रहा है। वहीं अशोक कुमार गुप्ता ने कहा "सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" की बात करती है, लेकिन यहां छात्राओं के लिए एक अच्छा शौचालय भी नहीं है। उन्होंने वरीय पदाधिकारियों से जल्द से जल्द नए शौचालय का निर्माण कराने की मांग की है। ताकि बच्चियां सम्मान के साथ पढ़ सकें। जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक छठीलाल साह से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि शौचालय अनुपयोगी होने की बात सच है। मजबूरी में बच्चों को बाहर जाना पड़ता है। इसकी जानकारी विभाग को दे दी गई है। लेकिन मध्यान भोजन में गड़बड़ी का आरोप बिल्कुल गलत है। आज शनिवार है, मेन्यू के अनुसार खिचड़ी, चोखा, अचार और पापड़ देना है। अचार और पापड़ खत्म हो गया है। अभी तुरंत दुकान से मंगवाकर बच्चों को परोसा जाएगा। यहां मध्यान भोजन में गुणवत्ता और मात्रा से कोई समझौता नहीं किया जाता है। मौके पर मिथिलेश प्रसाद गुप्ता, लक्ष्मण प्रसाद गुप्ता, राजन प्रसाद गुप्ता, मुकेश कुमार, शाहिद अंसारी, सुमित्रा देवी सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।

Latest News

मनाई गई पूर्व सांसद वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि, दी गई श्रद्धांजलि Garhwa