बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्व-वित्तपोषित इकाई के रूप में मिली मंजूरी
बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय, गढ़वा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में क्षेत्रीय निदेशालय, राष्ट्रीय सेवा योजना (रा.से.यो.), भारत सरकार, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, पटना (बिहार) द्वारा विश्वविद्यालय में स्व-वित्तपोषित (Self-Finance) राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की एक इकाई की स्थापना एवं संचालन हेतु मंजूरी प्रदान की गई है।
इस स्वीकृति के साथ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से समाज सेवा, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामुदायिक सहभागिता तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। विश्वविद्यालय द्वारा शीघ्र ही एनएसएस इकाई के माध्यम से स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, मतदाता जागरूकता एवं अन्य सामाजिक सेवा कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री दिनेश प्रसाद सिंह, प्रतिकुलाधिपति श्री पवन कुमार, कुलपति प्रो. (डॉ.) एम. के. सिंह तथा कुलसचिव डॉ. गोकुल आचार्य ने क्षेत्रीय निदेशालय, राष्ट्रीय सेवा योजना, पटना एवं भारत सरकार, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनएसएस इकाई की स्थापना से विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व कौशल का विकास होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय की यह पहल क्षेत्र एवं समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
प्रेस वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एम.के. सिंह ने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की एक इकाई की मान्यता प्राप्त हुई है, जिसके अंतर्गत 100 स्वयंसेवकों का नामांकन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनएसएस इकाई के गठन एवं स्वयंसेवकों के पंजीकरण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएँ राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित गतिविधियों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।
