साकेत मिश्रा की रिर्पोट
कांडी (गढ़वा),मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत कांडी प्रखंड ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मंगलवार रात ठीक 9:30 बजे गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) के डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया।
इस उपलब्धि के साथ प्रखंड ने निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी बूथों का डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक संपन्न कर प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 77 विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के 69 बूथों के 67,948 मतदाताओं तथा 81 भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के 20 बूथों के 17,158 मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस प्रकार कुल 89 बूथों के 85,106 मतदाताओं का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हुआ।
बीडीओ ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि यह सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उनके पूरे सेवा जीवन का सबसे चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने पूरी निष्ठा और टीम भावना के साथ सफल बनाया। उन्होंने कहा कि इस सहयोग को वे जीवनभर याद रखेंगे।
उन्होंने सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, मुखिया, वॉलंटियर्स के प्रभारी सहायक अध्यापक, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटरों तथा सीएससी ऑपरेटरों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के अथक परिश्रम से ही यह महत्वपूर्ण लक्ष्य समय पर हासिल हो सका।
बीडीओ राकेश सहाय ने अंत में सभी सहयोगियों को पुनः धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और टीम भावना के साथ जनहित के कार्यों में योगदान देने की अपील की।
