साकेत मिश्रा की रिर्पोट
गढ़वा : जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीय कृत महंत श्री रामचंद्रपुरी जमा दो उच्च विद्यालय गरदाहा में फिर चोरी हो गई।
इस बार चोरों ने निर्माणाधीन जल मीनार का सोलर माड्यूल एवं शिक्षक सदन से साउंड सिस्टम एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति बनाने वाले टैब पर अपना हाथ साफ किया। इस प्रकार प्रत्येक साल डेढ़ साल में होने वाली चोरी का सिलसिला इस वर्ष भी जारी रहा। हद से ज्यादा पिछड़े क्षेत्र में एक महापुरुष ने हाई स्कूल की स्थापना कर 62 वर्षों पूर्व इस इलाके में उच्च शिक्षा की अलख जगाई थी। जिस क्षेत्र में मैट्रिक पास व्यक्ति खोजने से ही मिल पाते थे। उस इलाके के हर घर का प्रत्येक लड़का और लड़की इस स्कूल की बदौलत मैट्रिक पास होने लगे। अब तो दो साल पहले इस स्कूल को जमा दो उच्च विद्यालय में अपग्रेड कर दिया गया है। लेकिन यह स्कूल चोरों का चारागाह बनकर रह गया है। प्रत्येक साल डेढ़ साल में एक बार दो बार चोरी होने की यहां दिनचर्या बन गई है। चोरी होती है अज्ञात के विरुद्ध थाना में रिपोर्ट लिखवाई जाती है। थाना के अधिकारी मौका मुआयना करते हैं। इसके बाद बात आई गई हो जाती है। नतीजा होता है कि फिर कुछ दिनों के बाद चोरी की अगली वारदात हो जाती है। वर्तमान प्रभारी प्रधानाध्यापक सूर्यदीप पाल ने अथक प्रयास करके विद्यालय को सुंदर स्वरूप एवं अच्छी पढ़ाई लिखाई करने का कार्य कर रहे हैं। लेकिन उनके उत्साह पर चोरी की घटनाओं से तुषारापात हो जाता है। उनके योगदान देने के कुछ दिन बाद ही रनिंग वाटर का पाइप तोड़कर और कार्यालय से खेल सामग्री आदि की चोरी की गई थी। इससे पूर्व आईसीटी लैब में लगातार दो बार चोरी करके कंप्यूटर से संबंधित सारी सामग्री की चोरी कर ली गई थी। जिसमे तार (केबल) तक शामिल था। इससे पहले भी यहां बार-बार चोरी होती रही है। पूरे इलाके के मध्य क्षेत्र में अवस्थित हाई स्कूल निकटवर्ती सभी गांव के लिए शिक्षा के क्षेत्र में वरदान साबित हुआ है। लेकिन असामाजिक तत्वों के लिए यह नरम चारा बनकर रह गया है। जहां चोरी करके वे आराम से निकल जाते हैं। इसके साथ ही बच भी जाते हैं। इसी अवधि में हाई स्कूल के निकटवर्ती गांव अधौरा में गांव के बीच से ट्रांसफार्मर खोलकर दूर ले जाकर उसके सभी कीमती पार्ट पूजा खोलकर चोरी कर ली गई थी। इस घटना का भी कहीं कोई अता पता नहीं चला। जबकि ट्रांसफार्मर चोरी होना एक विरले किस्म की घटना है। जो थाना मुख्यालय के एक स्कूल में भी घटित हुई थी। इन घटनाओं के चोरों का बच निकलना ही अगली घटना का कारण है। इस बार की चोरी के बाद पहली जून 2026 को प्रधानाध्यापक ने थाना को इस घटना की लिखित सूचना देते हुए अपराधी तत्वों की खोज बिन कर चोरी गई सामग्री बरामद करने का आग्रह किया है।
