डंडई से संवाददाता बिन्दु कुमार की रिपोर्ट
डंडई में तालाब से नवजात बच्ची का शव मिला, शरीर पर अस्पताल का टैग; जांच में जुटी पुलिस
डंडई थाना क्षेत्र के डंडई गांव स्थित सोनेहरा मोड़ के समीप राधा-कृष्ण मंदिर के पास एक तालाब से बुधवार सुबह नवजात बच्ची का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।ग्रामीणों के अनुसार सुबह कुछ लोगों ने तालाब में नवजात का शव तैरता देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना डंडई थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नवजात के शरीर पर अस्पताल में जन्म के समय लगाया जाने वाला टैग भी मौजूद था। इस कारण आशंका जताई जा रही है कि बच्ची का जन्म किसी अस्पताल में हुआ था। हालांकि, उसकी पहचान और मौत के कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने नवजात को तालाब में फेंकने वाले जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के अस्पतालों और संबंधित स्रोतों से जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
