हासनदाग बालू घाट का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण
गढ़वा। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने रविवार को हासनदाग बालू घाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदी क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर बालू उठाने के कार्य में लगे मिले। हालांकि एसडीएम के पहुंचते ही दस से अधिक ट्रैक्टर चालक नदी में ही बालू पलटकर वहां से भाग गए। वहीं तीन ट्रैक्टर चालकों ने पंचायत द्वारा निर्गत चालान प्रस्तुत किया।
निरीक्षण के दौरान यह आशंका व्यक्त की गई कि जो ट्रैक्टर चालक बालू पलटकर भागे, उनके पास संभवतः वैध चालान नहीं था। मौके पर यह भी जानकारी मिली कि संबंधित मुखिया द्वारा अपने आवास से ही चालान निर्गत किया जाता है। चालान निर्गत करने एवं बालू उठाव का कोई समुचित अभिलेख घाट पर उपलब्ध नहीं पाया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट व्यवस्था नहीं मिली कि किस व्यक्ति का चालान कटा है तथा कौन बालू का परिवहन कर रहा है।
एसडीएम ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे पंचायत द्वारा निर्धारित मात्र ₹100 का चालान कटवाने के उपरांत ही बालू का उठाव करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए बालू आवश्यक है, लेकिन इसका उठाव निर्धारित नियमों और वैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप ही किया जाना चाहिए।
घाट पर पाई गई अव्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मुखिया से कारण बताओ स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कुछ ट्रैक्टर ऐसे भी पाए गए जिन पर पंजीकरण संख्या अंकित नहीं थी। इस पर एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में बिना नंबर वाले वाहनों के पाए जाने पर भारी जुर्माना सहित अन्य विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य बालू जैसे खनिज संसाधनों का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों से नियमों का पालन करने तथा वैध चालान के साथ ही बालू का परिवहन करने की अपील की।
