धुरकी थाना प्रभारी ने छात्र-छात्राओं के बीच चलाया जागरूकता अभियान
सगमा: धुरकी थाना प्रभारी के द्वारा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय अंबाखोरेया में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर थाना प्रभारी जनार्दन राऊत ने विद्यार्थियों को समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मद्य निषेध, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा, डायन प्रथा, भूत-प्रेत संबंधी अंधविश्वास, दहेज प्रथा तथा अन्य सामाजिक बुराइयों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में लोग इन कुरीतियों की गंभीरता को नहीं समझ पाते हैं, जिसके कारण कई बार अनजाने में अपराध कर बैठते हैं और बाद में कानूनी एवं सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर जिले भर में सामाजिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों एवं अपराधों के प्रति जागरूक करना है ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और समाज को भी सुरक्षित बनाने में अपनी भूमिका निभा सकें।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, साइबर ठगी, नशाखोरी, दहेज उत्पीड़न, डायन प्रथा अथवा अन्य सामाजिक अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस हर समय आम जनता की सहायता के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने विस्तार से उत्तर दिया। जागरूकता अभियान के अंत में विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
