मजदूरी कर घर लौट रहा युवक 10 दिनों से लापता, मां से मंगाए थे किराए के पैसे; पत्नी-बेटी का रो-रोकर बुरा हाल Garhwa

डंडई से संवाददाता बिन्दु कुमार की रिपोर्ट 

मजदूरी कर घर लौट रहा युवक 10 दिनों से लापता, मां से मंगाए थे किराए के पैसे; पत्नी-बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
डंडई थाना क्षेत्र के एक युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक मेरठ में मजदूरी करता था और घर लौटने के दौरान अचानक गायब हो गया। घटना के 10 दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन चिंतित हैं। मामले को लेकर पिता ने डंडई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पुत्र की खोजबीन की गुहार लगाई है।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी विनोद भुइयां के 23 वर्षीय पुत्र अमित कुमार मजदूरी करने के लिए मेरठ गया था, जहां वह ठेकेदार समीर खान के अधीन कार्य कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि करीब तीन महीने तक काम कराने के बावजूद ठेकेदार ने उसकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया। कई बार मांग करने पर भी केवल आश्वासन मिलता रहा।आर्थिक तंगी और मजदूरी नहीं मिलने से परेशान अमित कुमार ने काम छोड़कर घर लौटने का फैसला किया। परिजनों के मुताबिक 23 मई 2026 को दोपहर करीब दो बजे वह रेलवे स्टेशन पहुंचा और अपनी मां को फोन कर घर आने के लिए एक हजार रुपये भेजने का अनुरोध किया। इसके बाद उसकी मां ने मोबाइल के माध्यम से रुपये भेज दिए।

परिजनों ने बताया कि रुपये मिलने के कुछ घंटों बाद से अमित का मोबाइल बंद हो गया। तब से न तो वह घर पहुंचा है और न ही किसी अन्य नंबर से परिजनों से संपर्क किया है। लगातार 10 दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

अमित कुमार विवाहित है और उसकी एक छोटी पुत्री भी है। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और बेहतर भविष्य की उम्मीद में वह मजदूरी करने बाहर गया था। उसके अचानक लापता हो जाने से पत्नी, मासूम बेटी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने डंडई थाना पुलिस से युवक की शीघ्र खोजबीन कर सकुशल बरामदगी की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने और युवक का पता लगाने की अपील की है।

Latest News

दानरो नदी को प्रदूषणमुक्त रखने के लिए प्रशासन सख्त, उपायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण Garhwa