रिपोर्ट, धीरेन्द्र (ऊर्फ) गुडडू पाण्डेय की
पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दिव्यांगता जांच शिविर का आयोजन, दर्जनों मरीजों की हुई जांच।
पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शनिवार को विशेष दिव्यांगता जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विशेष रूप से पहुंचे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के दल ने आए हुए लोगों की शारीरिक व मानसिक दिव्यांगता की गहनता से जांच की। मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों और चिकित्सा पदाधिकारियों ने जांच की कमान संभाली और जरूरी कागजातों का सत्यापन किया।
मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सरकार की मंशा है कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी कड़ी में इस शिविर का आयोजन किया गया है ताकि दिव्यांगों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें।
शिविर को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया। सुबह से ही पांकी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, बुजुर्ग और बच्चे अपने परिजनों के साथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने लगे थे। प्रतीक्षा कक्ष में लोगों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था की गई थी, जहां चिकित्सा कर्मियों द्वारा क्रमानुसार सभी की दिव्यांगता प्रतिशत का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की गई।
जांच के दौरान पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई के लिए आवेदकों के पहचान पत्रों, चिकित्सा इतिहास और संबंधित दस्तावेजों की ऑन-द-स्पॉट जांच की गई। उपस्थित कर्मियों ने फॉर्म भरने से लेकर पूरी प्रक्रिया में ग्रामीणों का सहयोग किया।
मौके पर कार्यक्रम में जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अलावे प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर महेंद्र प्रसाद ,प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, उप प्रमुख अमित चौहान, समाजसेवी रफीक अंसारी, सुनील कुमार चौहान, सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे।
