रिपोर्ट, धीरेन्द्र(उर्फ) गुडडू पाण्डेय की
आदेश की अवहेलना पड़ी भारी, पाटन थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय निलंबित.....
पलामू: पुलिस विभाग में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पाटन थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर की गई। थाना प्रभारी पर वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और विभागीय निर्देशों का पालन नहीं करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, पलामू पुलिस के वरीय अधिकारियों को लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि पाटन थाना में कई मामलों में निर्धारित आदेशों और दिशा-निर्देशों का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी राजेश यादव के नेतृत्व में जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसपी ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
एसपी कपिल चौधरी ने निलंबन की पुष्टि करते हुए कहा कि डीएसपी की रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की गई है। फिलहाल पाटन थाना का प्रभार एक सब इंस्पेक्टर को सौंपा गया है।
बताया जाता है कि शशिशेखर पांडेय पिछले करीब डेढ़ साल से पाटन थाना प्रभारी के पद पर तैनात थे। इससे पहले वे हरिहरगंज थाना में जेएसआई के रूप में कार्यरत थे। वे 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर हैं और वर्ष 2024 में उनकी पलामू में पोस्टिंग हुई थी।
गौरतलब है कि पलामू पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभालने के बाद कपिल चौधरी लगातार पुलिस व्यवस्था को सख्त और जवाबदेह बनाने में जुटे हैं। हाल ही में आम लोगों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए “संवाद कार्यक्रम” की भी शुरुआत की गई है। ऐसे में यह कार्रवाई विभाग के अंदर अनुशासन और जवाबदेही को लेकर बड़ा संदेश मानी जा रही है।
