गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
गढ़वा जिले में आयोजित NEET UG-2026 परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया, जहां प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। परीक्षा के दौरान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रही। इस क्षेत्र में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश, अनावश्यक आवाजाही, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, हथियार एवं विस्फोटक सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की गई। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर केंद्र में प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहा।
परीक्षा समाप्ति तक तैनात पुलिस बल द्वारा हर गतिविधि पर सतर्क नजर रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो सके।
इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीव कुमार मंडल, थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी एवं पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार द्वारा लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाता रहा
