मझिगांवा में अवैध आरा मिल ध्वस्त, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई Kandi

मझिगांवा में अवैध आरा मिल ध्वस्त, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
साकेत मिश्रा की रिर्पोट 
कांडी (गढ़वा):स्थानीय ओपी क्षेत्र के मझिगांवा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे एक आरा मिल को जेसीबी मशीन की मदद से पूरी तरह उखाड़ दिया और वहां मौजूद सभी उपकरणों व लकड़ियों को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को मझिगांवा गांव में बिना किसी वैध लाइसेंस और अनुमति के आरा मिल संचालित होने की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद गढ़वा उत्तरी वन प्रमंडल के अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। विभागीय टीम ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने मौके पर अवैध रूप से चल रही आरा मशीन, भारी मात्रा में शीशम के बोटे (लॉग्स) और चिरान की गई कीमती लकड़ियों को जब्त किया। आरोपी की पहचान रमेश विश्वकर्मा (पिता: स्वर्गीय चरित्तर शर्मा) के रूप में की गई है, जिसके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अभियान का नेतृत्व कर रहे वन अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले और अवैध रूप से लकड़ी की कटाई व आरा मिल का संचालन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे वन संरक्षण कानून का पालन करें और ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। इस छापेमारी दल में वनपाल निशांत पापू, अनूप सिंह, सुनील राय समेत भवनाथपुर और गढ़वा वन प्रमंडल के कई वनकर्मी मुख्य रूप से शामिल थे।

Latest News

केंद्रीय विद्यालय की जर्जर सड़क को जल्द बनवाने की मांग, उपायुक्त से मिले भाजपा नेता सूरज गुप्ता Garhwa