उल-अजहा (बकरीद) के पवित्र त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कांडी प्रखंड और पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में Kandi

साकेत मिश्रा की रिर्पोट 
कांडी (गढ़वा): ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पवित्र त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कांडी प्रखंड और पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। 
बुधवार को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और आम जनता में सुरक्षा का अहसास कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मार्च का नेतृत्व संयुक्त रूप से कांडी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय और थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने किया।
थाना परिसर से बाजार तक गूंजा शांति का संदेश
पुलिस बल के साथ निकाला गया यह फ्लैग मार्च कांडी थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, कर्पूरी चौक, तीन मुहान, पेट्रोल पंप क्षेत्र सहित विभिन्न गांवों के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरा। मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और आम राहगीरों से सीधा संवाद स्थापित किया। प्रशासन ने आम जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर कतई ध्यान न दें और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।
असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी, सुरक्षा चाक-चौबंद
बीडीओ राकेश सहाय और थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने संयुक्त रूप से कहा कि बकरीद के मौके पर पूरे प्रखंड क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। संवेदनशील इलाकों पर पुलिस की पैनी नजर है और असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने साफ किया कि त्योहार के दौरान पुलिस बल की लगातार गश्त जारी रहेगी ताकि लोग बिना किसी डर के नमाज अदा कर सकें और खुशियां बांट सकें।
सड़कों पर उमड़ी भीड़, जवानों ने की पेट्रोलिंग
सड़कों पर निकले भारी पुलिस बल और फ्लैग मार्च को देखने के लिए रास्ते भर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान पुलिस जवानों ने सार्वजनिक स्थलों का सघन निरीक्षण भी किया। मौके पर मुख्य रूप से सब-इंस्पेक्टर (एसआई) विनय माझी, अरविंद कुमार सिंह, रोशन कुमार, एएसआई मनोज राम, आशीर्वाद महतो, पिंटू कुमार सहित भारी संख्या में जिला पुलिस बल के जवान मुस्तैद दिखे। प्रशासन ने जनता को भरोसा दिलाया है कि क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने के लिए हर मुमकिन कदम उठाए जा रहे हैं।