कांडी बाजार में अतिक्रमण से जनता त्रस्त, पुलिस की गाड़ी भी घंटों फंसी; भाजपा नेता रामलाला दुबे
कांडी (गढ़वा): स्थानीय मुख्य बाजार में अतिक्रमण की समस्या अब आम जनता के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। आज शुक्रवार को बाजार में इस कदर भारी भीड़ उमड़ी कि लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया। सड़क पर पसरे अतिक्रमण के कारण घंटों लंबा जाम लगा रहा, जिसमें पुलिस की सरकारी गाड़ी भी काफी देर तक फंसी रही। इस गंभीर समस्या को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रशासनिक उदासीनता पर तीखा हमला बोला है। रामलाला दुबे ने बताया कि शुक्रवार को साप्ताहिक हलचल के दौरान बाजार की स्थिति नारकीय हो गई। दुकानदार और अतिक्रमणकारियों ने सड़कों को इस कदर घेर लिया है कि वहां से एम्बुलेंस या पुलिस प्रशासन के वाहनों का गुजरना भी नामुमकिन हो गया है। आज खुद पुलिस की गाड़ी को भीड़ और जाम की भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोग और दूर-दराज से आए ग्रामीण इस कुव्यवस्था से बेहद परेशान हैं। भाजपा नेता ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व में कई बार मीडिया के माध्यम से यह प्रचार-प्रसार किया गया था कि कांडी बाजार से बहुत जल्द अतिक्रमण हटाया जाएगा। लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी आज तक जमीन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन के इस ढीले रवैये के कारण अतिक्रमणकारियों का मनोबल सातवें आसमान पर है और उनका दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है। रामलाला दुबे ने जिला एवं स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि बिना किसी तुष्टिकरण के कांडी बाजार की सरकारी भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही बाजार की सड़कों को साफ नहीं कराया, तो वे जनता के हित में उग्र आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को विवश होंगे।
