गढ़वा से विकास कुमार की रिपोर्ट
सरस्वतिया नदी की सफाई व अतिक्रमण मुक्ति को लेकर चलेगा अभियान, आवश्यक बैठक कल
गढ़वा। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शहर की विलुप्तप्राय सरस्वतिया नदी के बचाव और विकास के लिए हर संभव प्रशासनिक प्रयास किए जाएंगे। इस संबंध में नदी अतिक्रमण को लेकर पूर्व में भी कई प्रयास किए गए थे। इस दिशा में अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा तथा आगे किए जाने वाले आवश्यक कदमों को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कल यानि शनिवार को आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरस्वतिया नदी के पुनर्जीवन के लिए जनसहभागिता के साथ चरणबद्ध अभियान चलाया जाएगा। नदी की सफाई, अतिक्रमण मुक्ति, जल प्रवाह बहाली तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
इस समीक्षा बैठक में संजय कुमार के साथ अंचल अधिकारी गढ़वा, नगर परिषद पदाधिकारी गढ़वा सहित शहर के सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों एवं अन्य संबंधित लोगों की स्वैच्छिक सहभागिता रहेगी। उक्त बैठक प्रात: 11:00 बजे होगी।
