टंडवा में दर्दनाक हादसा : आंधी-बारिश के दौरान पेड़ गिरने से अशोक कुशवाहा की मौत
गढ़वा। जिले के टंडवा क्षेत्र में गुरुवार को तेज आंधी-बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में स्थानीय निवासी अशोक कुशवाहा की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार अशोक कुशवाहा अपने घर के पास गाय दुह रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश, आंधी तथा बज्रपात शुरू हो गया। तेज हवा के कारण पास का एक बड़ा पेड़ अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा, जिससे वे गंभीर रूप से दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से जेसीबी मशीन मंगवाकर पेड़ को हटाया गया और काफी मशक्कत के बाद अशोक कुशवाहा को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद टंडवा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सहायता देने की मांग की है।
