प्रेम जाल में बुलाकर मौत की साजिश! चिनीयां के जंगल में मिले कंकाल कांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
चिनियां से हेमंत कुमार की रिपोर्ट
गढ़वा जिले के चिनियां थाना क्षेत्र के मसरा जंगल में मिले मानव कंकाल मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक जयमंगल कुमार सिंह को प्रेम प्रसंग के जाल में फंसाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था।
दिनांक 27 मई 2026 को मसरा जंगल में मानव कंकाल मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम, चिनिया थाना प्रभारी बिक्कु कुमार रजक सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।
घटनास्थल की घेराबंदी कर पुलिस ने वहां से कपड़ा, मोबाइल, चप्पल और बेल्ट बरामद किया। आसपास के ग्रामीणों से पहचान कराने पर मृतक की पहचान जयमंगल Kumar सिंह के रूप में हुई। इसके बाद कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं फोरेंसिक जांच के लिए रिम्स रांची भेजा गया।
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इस मामले में सुदामा सिंह और चुरामनी देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग में फंसाकर चुरामनी देवी और उसके पति ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
इस संबंध में चिनिया थाना कांड संख्या 18/26 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पूरे इलाके में इस खुलासे के बाद सनसनी फैल गई है।
