भीषण आग से खाक हुआ सर्विस सेंटर, 6 लाख तक के नुकसान की आशंका
श्री बंशीधर नगर नगर स्थित डॉ. सिद्धनाथ क्लिनिक के सामने संचालित अनिल सर्विस सेंटर में रविवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते सर्विस सेंटर में रखे मोटरसाइकिल के पार्ट्स, स्पेयर पार्ट्स, ग्रीस समेत अन्य सामान जलकर खाक हो गए।
घटना में करीब 5 से 6 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
सर्विस सेंटर के संचालक अनिल दास ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वह घर से दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और पूरे सेंटर को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और देर तक आग की चर्चा होती रही।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।
घटना से आहत अनिल दास ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। वहीं सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित दुकानदार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
