10 मई की शाम से लापता हुए 62 वर्षीय बुजुर्ग मदन चंद्रवंशी, परिजनों ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार
कांडी (गढ़वा)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सड़की गांव निवासी 62 वर्षीय मदन चंद्रवंशी बीते 10 मई की शाम से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। घटना को लेकर परिजनों की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो थक-हारकर परिजनों ने कांडी थाने में लिखित आवेदन देकर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई है।मिली जानकारी के अनुसार, मदन चंद्रवंशी 10 मई की शाम करीब 8 बजे बिना किसी को कुछ बताए घर से निकले थे। जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। पीड़ित के रिश्तेदार केतार निवासी सूरज कुमार और मदन चंद्रवंशी के पुत्र धर्मेंद्र वर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर हर जगह ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। परिजनों के अनुसार, घर से निकलते समय मदन चंद्रवंशी ने सफेद रंग की शर्ट, चेकदार लूंगी और पैरों में हवाई चप्पल पहनी हुई थी। परिजनों ने इसी हुलिए का विवरण पुलिस को दिए गए आवेदन में भी दर्ज कराया है। पुत्र धर्मेंद्र वर्मा ने प्रशासन और आम जनता से भावुक अपील करते हुए कहा है कि उनके पिता की उम्र और स्थिति को देखते हुए उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने में मदद की जाए। परिजनों और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस हुलिए के बुजुर्ग के संबंध में कोई भी जानकारी या सुराग मिले, तो वे तुरंत मोबाइल नंबर 9381621731 पर संपर्क कर परिजनों को सूचित करें।
