पलामू- सेवा संपुष्टि पर समीक्षा,शिक्षकों की सेवा पुस्तिका अद्यतन रखने के निर्देश
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को शिक्षा विभाग अंतर्गत शिक्षकों की सेवा संपुष्टि से संबंधित स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2023 में नियुक्त 253 टीजीटी शिक्षकों के सेवा में तीन वर्ष पूर्ण होने के उपरांत उनकी सेवा संपुष्टि के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी।उपायुक्त श्री शेखावत ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से शिक्षकों की सेवा पुस्तिका से जुड़े बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि सभी शिक्षकों के सेवा अभिलेखों को अद्यतन एवं त्रुटिरहित रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सेवा संपुष्टि की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमसंगत होनी चाहिए, ताकि शिक्षकों को समय पर उनका वैधानिक लाभ मिल सके।बैठक में शिक्षकों की नियुक्ति, योगदान तिथि, शैक्षणिक योग्यता, सेवा अभिलेखों की सत्यता एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
