कचरे की चिंगारी ने मचाई तबाही, देखते ही देखते जलकर राख हुआ ग्रामीण का आशियाना Kandi

कचरे की चिंगारी ने मचाई तबाही, देखते ही देखते जलकर राख हुआ ग्रामीण का आशियाना
कांडी (गढ़वा): थाना क्षेत्र के बलियारी पंचायत से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहाँ शुक्रवार की दोपहर एक छोटी सी लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कचरा जलाने के लिए लगाई गई आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पड़ोस के घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीण राजेश कुमार दुबे के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर ग्राम पंचायत बलियारी निवासी गुलाबचंद साहू अपने घर के पास जमा कचरे में आग लगाकर उसे साफ कर रहे थे। गर्मी और तेज हवा के कारण आग की लपटें अनियंत्रित हो गईं और पास ही स्थित उनके भाई मोती साहू के घर तक पहुँच गईं। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने पूरे घर को अपनी गिरफ्त में ले लिया।आग की लपटें और धुआं देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 
अगर ग्रामीण समय पर सक्रिय नहीं होते, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इस अगलगी में पीड़ित मोती साहू का सब कुछ जलकर खाक हो गया है। पीड़ित परिवार ने रुआंसे गले से बताया कि घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और नकदी समेत तमाम जरूरी सामान जल गए हैं। परिवार के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
 अचानक हुई इस त्रासदी के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आने को मजबूर है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब उचित मुआवजा देने की मांग की है ताकि वे दोबारा अपना जीवन पटरी पर ला सकें।

Latest News

अवैध राशि कि निकासी को रोकने संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन  Garhwa