नारी वंदन बिल पारित न होने पर भाजपा महिला मोर्चा का फूटा गुस्सा, फूंका पुतला Kandi

नारी वंदन बिल पारित न होने पर भाजपा महिला मोर्चा का फूटा गुस्सा, फूंका पुतला
कांडी (गढ़वा): भाजपा जिला नेतृत्व के निर्देशानुसार आज कांडी और हरिहरपुर मंडल के संयुक्त तत्वावधान में नारी वंदन बिल अधिनियम के पारित न होने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय पर विपक्षी दलों और हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं कांडी मंडल महिला मोर्चा अध्यक्षा श्रीमती अंजू देवी और हरिहरपुर मंडल अध्यक्षा श्रीमती गीता देवी ने संयुक्त रूप से कहा कि विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता के कारण नारी वंदन बिल में अड़ंगा लगाया जा रहा है, जिसे देश की आधी आबादी बर्दाश्त नहीं करेगी। कार्यकर्ताओं ने "हेमंत सोरेन होश में आओ" और "मुर्दाबाद" के नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलला दुबे, कांडी मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे, हरिहरपुर मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, महामंत्री ललन पासवान और निर्मल विश्वकर्मा उपस्थित थे। इनके अलावा किसमतिया देवी, सोशीला कुंवर, सरिता देवी, रामबचन पाल, सुग्रीव पासवान और शंकर पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Latest News

दो कमांडर जीप के बीच आमने-सामने की टक्कर, भीषण हादसा Kandi