साकेत मिश्रा की रिर्पोट
हरिहरपुर। ओपी क्षेत्र अंतर्गत मझिगावां पंचायत में रतनगढ़ की ओर से लगाए जा रहे ग्यारह हजार वोल्ट बिजली लाइन के पोल गाड़ने में मनमानी का मामला सामने आया है।
पंचायत के महुदड़ टोला के ग्रामीणों ने इसका विरोध जताते हुए कार्य कर रही कंपनी के खिलाफ नाराजगी प्रकट की है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली पोल गाड़ने का कार्य निर्माणाधीन नहर के किसी एक दिशा में व्यवस्थित तरीके से किया जाना चाहिए, लेकिन कंपनी द्वारा कुछ दूरी तक नहर के दक्षिणी छोर पर तथा उसके बाद उत्तरी छोर पर पोल गाड़े जा रहे हैं। इस प्रकार बार-बार दिशा बदलकर कार्य किया जा रहा है, जो पूरी तरह अव्यवस्थित है।
महुदड़ टोला के लोगों ने आरोप लगाया कि कंपनी लापरवाहीपूर्ण ढंग से कार्य कर रही है और जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि यदि जो कच्ची सड़क है यदि भविष्य में पक्की सड़क का निर्माण होता है, तो नहर के उत्तरी छोर पर लगाए गए पोल रास्ते के बीचों-बीच आ जाएंगे, जबकि दक्षिणी छोर पर पोल गाड़े जाने से ऐसी कोई समस्या नहीं आएगी और सुरक्षित भी होगी। यदि कंपनी नहीं मानती है तो आवागमन बाधित होगा और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ेगी। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे बिजली पोल गाड़ने के कार्य का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि इसे सही दिशा में करने की मांग कर रहे हैं। उनका सुझाव है कि सभी पोल नहर के दक्षिणी पाट पर एक ही ओर लगाए जाएं, जिससे किसी को कोई आपत्ति नहीं होगी।
साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आगे कार्य को रोकने के लिए बाध्य होंगे। विरोध जताने वालो में नागेंद्र यादव, सोनू यादव, बलराम चौबे,विशाल चौबे ,अजय राम, दिनेश यादव, लखपति देवी, गीता देवी, मंजू देवी, पार्वती देवी, रानी देवी, पुष्पा देवी, सविता देवी, महेंद्र प्रजापति, जनेश्वर यादव, सुभाग प्रजापति, सुरेश प्रजापति सहित कई ग्रामीणों का नाम शामिल है।
